विश्व रैड क्रॉस दिवस पर अमलैहड़ में लगाया रक्तदान एवं चिकित्सा शिविर
20 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और 10 को प्रदान की गईं ट्राईसाईकिल
ऊना, 8 मई – विश्व रैड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में आज जिला रैड क्रॉस सोसायटी द्वारा डेरा बाबा रुद्रानंद जी महाराज आश्रम बाबा अच्युता नंद जी, ठाकुरद्वारा, अमलैहड़ में रक्तदान, बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला रैड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त, ऊना राघव शर्मा ने की। गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर इस कार्यक्रम में विशेष रुप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा का दूसरा नाम रैड क्रॉस है। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस दिवस को मनाए जाने को लेकर इस बार का थीम मानवता के प्रति दयालुता का भाव निर्धारित किया गया है। रैड क्रॉस की स्थापना हेनरी डयूनेंट ने की थी और 8 मई को डयूनेंट के जन्मदिवस पर विश्व रैड क्रॉस दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा हेनरी ने समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और पूरे विश्व के लोगों को मानवतावादी सेवक के रूप में स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मानव सेवा के लिए लोगों के दिलों में संवेदना पैदा की। इसके लिए उन्होंने कई तरह के अभियान भी चलाए। सेवा कार्य के लिए उनके द्वारा गठित सोसायटी को रेड क्रॉस का नाम दिया गया। उन्होंने कहा हेनरी के इसी असाधारण योगदान को देखते हुए वर्ष 1901 में उन्हें मानव सेवा के कार्यों के लिए पहला नोबेल शांति पुरस्कार मिला।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.