राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को चांदी की परत वाली थाली में परोसा जाएगा नाश्ता, लंच और डिनर

राष्ट्रपति मुर्मू 18 से 21 अप्रैल तक शिमला में रहेंगी

शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु  18 अप्रैल से प्रदेश के चार दिवसीय प्रवास पर आ रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मू 18 से 21 अप्रैल तक शिमला में रहेंगी। राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ में लंच और छराबड़ा स्थित रिट्रीट राष्ट्रपति आवास में उनका डिनर होगा। उनके लिए गुच्छी की सब्जी, राजमा का मदरा और सेब की खीर परोसी जाएगी। हिमाचल पर्यटन निगम ने राष्ट्रपति कार्यालय को खाने का मेन्यू भेजा था। यह मेन्यू फाइनल हो गया है। उन्हें चांदी की परत वाली थाली में नाश्ता, लंच और डिनर परोसा जाएगा। किचन से लेकर खाना परोसने वाले कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट होंगे। यही नहीं, आसपास रहने वाले लोगों को भी यह टेस्ट करवाना अनिवार्य किया गया है।
राष्ट्रपति के शिमला प्रवास के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। प्रेजेंट बॉडी गार्ड (पीबीजी) शिमला पहुंच गए हैं। रविवार को अनाडेल से लेकर रिज मैदान तक गाड़ियों का ट्रायल किया गया। 18 अप्रैल को राष्ट्रपति मुर्मू हेलिकाप्टर से अनाडेल पहुंचेगीं। हिमाचल के बार्डर एरिया को सील कर दिया गया है। विश्वविद्यालय, राष्ट्रपति आवास रिट्रिट सहित आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.