सोलन तथा धर्मपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दी विभिन्न कानूनों की जानकारी
सोलन। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा अखिल विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अन्तर्गत गत दिवस सोलन जिला के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी कपिल शर्मा ने दी।
कपिल शर्मा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सीडीपीओ कार्यालय सोलन में 56 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों तथा संरक्षण अधिकारियों को विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों तथा संरक्षण अधिकारियों का इस जानकारी को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में सभी लोगों को विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रह सके।
कपिल शर्मा ने कहा कि सीडीपीओ कार्यालय धर्मपुर में डिजिटल माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जागरूक करने के लिए शिविर लगाया गया। शिविर में 51 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कपिल शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों को विभिन्न कानूनांे के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के सभी विशेषकर कमज़ोर वर्गों तक न्याय पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि अभियान को आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवक मण्डलों तथा महिला मण्डलों के सहयोग से सफल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के यू-ट्यूब चैनल DLSA Solan के माध्यम से सोशल मीडिया पर लोगों को विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान की जा रही है। इस चैनल पर गरीबी उन्मूलन के बारे में भी वीडियो अपलोड किया गया है। उन्होंने कहा कि सोलन के पांचों विकास खण्डों सोलन, कण्डाघाट, धर्मपुर, नालागढ़ तथा कुनिहार की सभी 240 ग्राम पंचायतों में इस चैनल पर विधिक जागरूकता से सम्बन्धित वीडियो अपलोड कर साझा किए गए हैं।
कपिल शर्मा ने सभी से आग्रह किया कि विधिक सेवाआंे के सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन से दूरभाष संख्या 01792-220713 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.