उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर व गोआ की तर्ज पर हिमाचल में भी राज नहीं बल्कि रिवाज बदलेंगे : जेपी नड्डा

 

चंबा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर व गोआ की तर्ज पर इस बार हिमाचल में भी राज नहीं बल्कि रिवाज बदलेंगे।  उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा की डबल इंजन सरकार की बदौलत अथाह विकास हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी आशा कुमारी पर तंज कसते हुए कहा कि छह बार हलके का प्रतिनिधित्व करने के बाद वह अब लोगों से इलाके की तरक्की के लिए आइडिया मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा आइडिया है कि वह अब घर बैठें। उन्होंने कहा कि बड़े परिवारों में पलने वाले आम लोगों की समस्याएं एवं जरूरतों को न जानते हैं और न समझते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे उम्मीदवार जनता के लिए समर्पित हैं जबकि अन्य दलों के उम्मीदवार केवल और केवल एक परिवार के लिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक डूबता जहाज है। इसी कारण कांग्रेस के वरिष्ठ व कदावर नेता पार्टी छोडक़र भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जेपी नड्डा डलहौजी हलके के सलूणी में भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डीएस ठाकुर ने पिछले पांच वर्षों के दौरान जनता के बीच रहकर दुख-सुख में साथ निभाया है। इसके साथ ही हलके में पार्टी को मजबूत करने में भी अहम रोल अदा किया है। इसलिए अब गेंद जनता के पाले में है कि इस सेवा का फल वोट रूपी आशीर्वाद के तौर पर डीएस ठाकुर को देकर कामयाब बनाएं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे डीएस ठाकुर को भारी मतों से जितवाकर विधानसभा भेजें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर व गोआ की तर्ज पर इस बार हिमाचल में भी राज नहीं बल्कि रिवाज बदलेंगे। इसके पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का सलूणी पधारने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने जेपी नड्डा को फूलों का हार पहनाकर और त्रिशूल भेंट कर सम्मानित भी किया। इस दौरान आप नेता एवं जिला परिषद पवन कुमार सहित काफी तादाद में लोगों ने कांग्रेस छोडक़र भाजपा का दामन थामा।