सेब तुड़ान के बाद करें ब्लाईटॉक्स दवा का स्प्रे
कुल्लू। घाटी में सेब सीजन अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बागवान अपने बगीचों में पौधों को संवारने में भी जुट गए हैं। तुड़ान के बाद बागवानों को बागवानी विभाग ने ब्लाईटॉक्स दवा का छिड़काव करने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पौधों के स्पर और टहनियों के टूटने से कई बीमारियां पनप सकती हैं। इससे निजात पाने के लिए बागवानों को समय रहते तुड़ान के बाद कॉपर ऑक्सीक्लोराइट दवा की स्प्रे करनी चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि स्पर और टहनियों के क्षतिग्रस्त होने से मुख्यता कैंकर रोग का हमला पौधों पर हो सकता है। लिहाजा बागवानों को सेब तुड़ान के पश्चात ब्लाईटॉक्स दवा का छिड़काव करना जरूरी है।
बागवानी विभाग के बागवानी विशेषज्ञ उत्तम पराशर बताते हैं कि सेब तुड़ान के बाद बागवान कॉपर ऑक्सीक्लोराइट 600 ग्राम दवा को दो सौ लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें। उन्होंने कहा कि सेब तुड़ान के दौरान कई स्पर और टहनियां टूटने से पौधे पर कई कीट पनप सकते हैं। लिहाजा इससे निजात पाने के लिए इस दवा का छिड़काव करना चाहिए। वही, पौधों पर यूरिया की स्प्रे भी करनी चाहिए। इससे स्परों में मजबूती आ सकती है और आगामी फसल के सकारात्मक परिणाम होंगे।
—————————————————————————————
काइस पंचायत के पूर्व प्रधान परसराम का ब्यास नदी किनारे अंतिम संस्कार
कुल्लू। जिला मुुख्यालय के साथ लगते छरूडू में जानलेवा हमले में जिंदगी की जंग हारने वाले काइस पंचायत के पूर्व प्रधान परसराम का बुधवार को ब्यास नदी किनारे अंतिम संस्कार किया गया। परसराम की मौत के बाद काइस में मातम छा गया है। पूर्व प्रधान के अंतिम संस्कार में सैकड़ों लोग शामिल हुए। ग्रामीणों और कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। हर किसी की आंखें नम हो गईं।
गौर रहे कि परसराम की पत्नी भी जानलेवा हमले में घायल है। पूर्व प्रधान की पत्नी का उपचार नेरचौक अस्पताल में चल रहा है। परसराम अपने पीछे पत्नी और दो पुत्र छोड़ गए हैं।
पूर्व प्रधान परसराम के निधन पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सदर कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर, मनाली कांग्रेस के अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, भुवनेश्वर गौड़, मनाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र नेगी, जिप सदस्य अरुणा ठाकुर, कारदार संघ के पूर्व प्रधान दोत राम ठाकुर, अरछड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान चुनेश्वर ठाकुर, गाहर पंचायत के प्रधान रोहित वत्स धामी, काइस पंचायत प्रधान शीला पठानिया, किसान सभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी, प्रताप पठानिया, कराडसू पंचायत समिति सदस्य खेख राम ठाकुर, गाहर पंचायत उपप्रधान चमन, नग्गर ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष दिलेराम, न्योली पंचायत पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह ने गहरा दुख प्रकट करते हुए परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।